‘दुकानें बंद रहेंगी तो खरीदारी कहां से होगी?’:राहुल गांधी की अपील पर व्यापारियों का तीखा सवाल; फिर लिखा पत्र

Share this post:

 

दिल्ली के रामलीला मैदान में इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर राजधानी के व्यापारियों ने चिंता जताई है। चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) ने रैली के कारण दिल्ली के करीब 2.5 लाख दुकानों के बंद रहने की आशंका जताई है। इससे लगभग 80 फीसदी कारोबार ठप हो सकता है। व्यापारी संगठन का दावा है कि रैली के चलते दिल्ली के प्रमुख बाजारों में 10 से 12 हजार करोड़ रुपये के दैनिक कारोबार पर असर पड़ सकता है। सीटीआई के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा कि राहुल गांधी ने रैली में आने वाले लोगों से स्थानीय बाजारों में खरीदारी करने की अपील की है, लेकिन जब दुकानें ही बंद रहेंगी तो लोग खरीदारी कहां करेंगे?

सीटीआई के मुताबिक, रामलीला मैदान के पांच किलोमीटर के दायरे में आने वाली करीब तीन लाख दुकानों में से लगभग 2.5 लाख दुकानें बंद रह सकती हैं। रैली के कारण 10 किलोमीटर के दायरे में यातायात और माल की आवाजाही भी प्रभावित होने की आशंका है। इससे मध्य दिल्ली और पुरानी दिल्ली के बाजारों में दिवाली से पहले खरीदारी का कारोबार प्रभावित हो सकता है।

पत्र में सीटीआई ने क्या कहा?

व्यापारियों के संगठन ने इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को चौथा पत्र लिखा है। संगठन ने राहुल गांधी के उस वीडियो संदेश का स्वागत किया, जिसमें उन्होंने रैली में शामिल होने वाले लोगों से दिल्ली के बाजारों में जाकर खरीदारी करने और व्यापारियों का समर्थन करने की अपील की थी। हालांकि, सीटीआई का कहना है कि जमीनी स्थिति अलग है और दुकानदारों के साथ ग्राहकों में भी डर और अनिश्चितता का माहौल है।

भाजपा का एजेंट के आरोप पर क्या कहा?

गोयल ने व्यापारियों को भाजपा का एजेंट बताए जाने के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि करीब 100 प्रमुख बाजार एसोसिएशनों ने रैली स्थगित करने की अपील की थी। यह मांग किसी राजनीतिक दल के समर्थन या विरोध में नहीं, बल्कि दिवाली के व्यस्त कारोबारी सीजन में व्यापारियों की आजीविका बचाने के लिए की गई थी।

उन्होंने कहा, ‘हम व्यापारी हैं, भाजपा के एजेंट नहीं। इन बाजार एसोसिएशनों का किसी राजनीतिक दल से लेना-देना नहीं है। हमारा काम व्यापार करना है, राजनीति नहीं। हम किसी पार्टी के पक्ष या विपक्ष में नहीं हैं। हम केवल दिवाली के व्यस्त सीजन में अपनी आजीविका बचाने की अपील कर रहे हैं।’ सीटीआई ने कहा कि रैली स्थल के 10 किलोमीटर के दायरे में माल की ढुलाई बुरी तरह प्रभावित हो सकती है। सामान की लोडिंग और अनलोडिंग भी बंद रहने की आशंका है।

15 से 20 हजार वाहनों की पार्किंग पर भी सवाल

गोयल ने रैली में आने वाले लोगों के परिवहन और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि रैली में लोगों को लाने के लिए अनुमानित 15 से 20 हजार बसों, कारों और टेंपो को कहां खड़ा किया जाएगा? उनके मुताबिक, जेएलएन मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग, अजमेरी गेट और चांदनी चौक रोड पर वाहनों की आवाजाही और पार्किंग के कारण मध्य दिल्ली और पुरानी दिल्ली में भारी जाम लग सकता है।

Share this post:

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

खबरें और भी हैं...

Advertisement Box

लाइव क्रिकट स्कोर

Gold and Silver price

मौसम अपडेट

राशिफल

© 2026 Khabri Lal Bharat  – All rights reserved. | News Website Development Services | New Traffic tail